जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के रूट में बदलाव, 14 से 21 जून तक जालोर स्टेशन पर नहीं होगा ठहराव
जालोर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) निर्माण कार्य के चलते 14 जून से 21 जून तक कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। समदड़ी-लूनी रेलखंड के बीच सतलाना यार्ड में फाटक संख्या 227 पर निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं, जबकि कुछ रेल सेवाओं को पूर्ण एवं आंशिक रूप से रद्द किया गया है।
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस 14 से 21 जून तक अपने निर्धारित मार्ग की बजाय लूनी-मारवाड़-महेसाणा होकर संचालित होगी। इसके चलते यह ट्रेन दूदड़ा, समदड़ी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी और पाटन स्टेशनों पर नहीं आएगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस भी 14 से 21 जून तक बदले हुए मार्ग महेसाणा-मारवाड़-लूनी होकर संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन जालोर सहित कई स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
ये ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
रेलवे के अनुसार निम्न रेल सेवाएं निर्धारित अवधि में पूरी तरह रद्द रहेंगी—
74839 भगत की कोठी-बाड़मेर : 14 से 21 जून तक रद्द
74840 बाड़मेर-भगत की कोठी : 15 से 22 जून तक रद्द
आंशिक रूप से रद्द ट्रेनें
14896 बाड़मेर-भगत की कोठी : 14 से 21 जून तक केवल समदड़ी तक संचालित होगी। समदड़ी से भगत की कोठी के बीच सेवा रद्द रहेगी।
14893 भगत की कोठी-बाड़मेर : 14 से 21 जून तक भगत की कोठी के बजाय समदड़ी से रवाना होगी। भगत की कोठी से समदड़ी के बीच सेवा रद्द रहेगी।
ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस भी प्रभावित
गाड़ी संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 20 जून को अपने निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे की देरी से ऋषिकेश स्टेशन से प्रस्थान करेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें और रूट परिवर्तन एवं ब्लॉक अवधि को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

0 टिप्पणियाँ