रामसीन थाना क्षेत्र के भरड़ी चौराहे के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार रायथल गांव निवासी गणपतसिंह राजपुरोहित अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर भीनमाल स्थित मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रामसीन-भरड़ी चौराहे से करीब एक किलोमीटर पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि कार में गणपतसिंह के साथ एक महिला, तीन लड़कियां और एक छोटा बच्चा भी सवार था। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कृष्णकुमार माली और नरेश बिश्नोई ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही रामसीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
BCC LIVE
खबर आपकी, भरोसा हमारा
0 टिप्पणियाँ