अगले एक सप्ताह तक आंधी-बारिश का दौर जारी, 3-4 जून को फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

(AI पोस्टर )

जयपुर, 1 जून। राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है और प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के ऊपर दो परिसंचरण तंत्र सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से आज भी कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

विभाग ने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के विभिन्न भागों में मेघगर्जन, आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है। वहीं 3 और 4 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है।

आंधी और बारिश के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की अपील की है।

स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)