राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकांश जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। हालांकि 22 और 23 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में दोपहर बाद मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा अगले 48 घंटों में कुछ क्षेत्रों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। लेकिन 24 मई के बाद एक बार फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है और कई इलाकों में हीटवेव तथा कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की अपील की है।

सौजन्य : मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर

भारत मौसम विज्ञान विभाग

BCC LIVE – हर खबर, सबसे पहले…